कटनी में तेजस्वी यादव की शव यात्रा, पुतला दहन और नारेबाज़ी

कटनी जबलपुर दर्पण । दरभंगा (बिहार) में राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव की मौजूदगी वाले मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली देने की घटना के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार शाम कटनी में उग्र प्रदर्शन किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी के नेतृत्व में कचहरी चौराहे से कोतवाली थाना मार्ग तक तेजस्वी यादव की शव यात्रा निकाली और राहुल गांधी व राजद नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की।
प्रदर्शन के दौरान अहिंसा तिराहे पर भाजयुमो और महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल डालकर तेजस्वी यादव का पुतला दहन किया।
जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी ने कहा कि वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दरभंगा के सिंहवाड़ा प्रखंड में मंच से प्रधानमंत्री की मां को गाली दी गई, जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं और भारतीय संस्कृति पर कलंक है। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस और राजद नेताओं को इस पर सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।



