देवाधिदेव श्री शांतिनाथ भगवान का भव्य विमानोत्सव, शोभायात्रा धूमधाम से संपन्न

अनूपपुर जबलपुर दर्पण। अनूपपुर/जैतहरी नगर में जैन समाज द्वारा पर्यूषण पर्व, दशलक्षण धर्म आराधना के उपरांत देवाधिदेव 1008 श्री शांतिनाथ भगवान का भव्य विमानोत्सव बड़े धूमधाम से निकाला गया।
श्री जी को विमान में विराजमान करके जैन मन्दिर, आराधना भवन से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों अहिंसा चौक, टेलीफोन एक्सचेंज, आचार्य श्रीविद्यासागर कीर्ति स्तम्भ, अध्यात्म पथ, मिनी स्टेडियम, पानी टंकी, मानस भवन, सेंट्रल बैंक, गांधी चौराहा एवं अटल द्वार होते हुए विमानोत्सव की शोभायात्रा जैन मंदिर आराधना भवन पर आकर संपन्न हुई। परिधान धारण कर जय घोष करते हुए भगवान महावीर स्वामी, जैन धर्म के संदेश एवं गीत नृत्य के माध्यम से प्रभावना करते हुए संगीत की मधुर स्वर लहरियों के साथ दिव्य घोष की थाप पर अहिंसा का संदेश देते हुए आगे आगे चल रहे थे।
सभी भक्त जनों ने अपने दरवाजों पर रंगोली, तोरण द्वार, झंडा, पताका आदि से विशेष साज सज्जा की गई थी, एवं सभी ने अपने घरों के दरवाजों पर नृत्य गान करते हुए देवाधिदेव जिनेंद्र देव की भव्य आरती भक्ति की गई।
जैन मंदिर, आराधना भवन पहुंचकर देवाधिदेव श्री शांतिनाथ भगवान को चांदी की पाण्डुक शिला पर विराजमान कर, चांदी के कलशों से कलशाभिषेक किया गया।
शांति धारा करने का सौभाग्य बसंत कुमार, प्रमोद कुमार, मुकेश कुमार करैया परिवार एवं राजेश कुमार अथर्व कुमार जी धनपुरी को प्राप्त हुआ।
सम्यकदर्शन माला पवन कुमार प्रथम कुमार जैन, सम्यक ज्ञान माला अनमोल जैन पेंड्रा एवं सम्यक चारित्र माला सुगम चंद, संदेश जैन जी कोतमा को जैन समाज जैतहरी के पूर्व अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष सिंघई अभय कुमार जैन, उपाध्यक्ष मनीष जैन मिंटू द्वारा सम्मानपूर्वक तिलक करके पहनाई गई।
इस अवसर पर जैन धर्म के प्रति विशेष आस्थावान, समर्पित व्यक्तित्व की धनी एवं समाजसेवी महिला रत्न मनेन्द्रगढ़ छत्तीसगढ़ से पधारीं आरती गुप्ता जैन जी का शाल श्रीफल के माध्यम से पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता जैन एवं महिला मंडल जैतहरी द्वारा भाव भीना स्वागत, सम्मान किया गया।
विमानोत्सव के शुभ अवसर पर बुढार, कोतमा, बिजुरी, पेन्ड्रा रोड, गौरेला, चचाई, अमलाई, मनेन्द्रगढ़, चिरमिरी, अनूपपुर, राजेंद्र ग्राम, अमरकंटक, आदि विभिन्न स्थानों से पधारे हुए सभी साधर्मी जनों का जैन समाज जैतहरी द्वारा आभार व्यक्त करते हुए सम्मान किया गया।
सभी साधर्मी जनों ने एक दूसरे को दश लक्षण धर्म पर्यूषण पर्व की शुभकामनाएं देते हुए क्षमा वाणी पर्व मनाते हुए प्राणी मात्र के प्रति क्षमा की भावना व्यक्त की।
जैन समाज जैतहरी के पार्श्वनाथ युवा मंडल एवं महिला मंडल द्वारा संपूर्ण आयोजन में विशेष बढ़-चढ़कर भाग लिया गया।
संध्याकालीन श्री कल्याण मंदिर स्तोत्र का पाठ 44 दीपक प्रज्वलित करते हुए देवाधिदेव चिंतामणि चमत्कारी बाबा 1008 श्री पारसनाथ भगवान की विशेष आरती भक्ति के उपरान्त जन कल्याणकारी प्रवचन के माध्यम से धर्म प्रभावना का महिमा गान करते हुए सम्पूर्ण आयोजन सानंद संपन्न हुआ।



