सिवनी में समय-सीमा बैठक संपन्न, कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश

सिवनी जबलपुर दर्पण । कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री नवजीवन विजय, अनुविभागीय अधिकारी सिवनी श्रीमती पूर्वी तिवारी सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर त्वरित और संतोषजनक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही, राजस्व विभाग के नामांतरण, अभिलेख सुधार और बंटवारे जैसे प्रकरणों की समीक्षा कर लक्ष्यानुसार राजस्व वसूली सुनिश्चित करने पर बल दिया।कलेक्टर ने आगामी 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा पखवाड़ा की गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। इसमें स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्तदान शिविर, स्कूलों में हेल्थ कैंप, प्राकृतिक कृषि एवं नरवाई प्रबंधन पर जागरूकता कार्यक्रम, पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान, स्कूलों में जनजागरूकता गतिविधियां, तथा नगरीय क्षेत्रों और वन विभाग द्वारा बनाए जाने वाले नमो पार्क की तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने अधिकारियों को शासन की मंशानुसार सेवा पखवाड़े के सभी आयोजनों को गंभीरता और जिम्मेदारी से संपन्न कराने के निर्देश भी दिए।



