जिला स्तरीय युवा उत्सव 2025-26 का हुआ समापन, विजेताओं को किया सम्मानित

छिंदवाड़ा जबलपुर दर्पण । खेल एवं युवा कल्याण विभाग छिंदवाड़ा द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव वर्ष 2025-26 का भव्य समापन शुक्ला ग्राउंड स्थित मल्टीपरपज हॉल में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद श्री विवेक बंटी साहू उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्री विक्रम अहके, श्री अंकुर शुक्ला, श्री जागेंद्र अल्डक, सुश्री गरिमा दामोदर, श्री सौरभ ठाकुर, श्री अल्केश लांबा, श्री विनोद तिवारी, सहित अनेक जनप्रतिनिधि तथा कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.एस. बघेल, अधिकारी-कर्मचारी, प्रतिभागी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।सांसद श्री साहू ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि — “जिले के युवाओं में अपार संभावनाएं हैं। राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।”
कलेक्टर श्री नारायन ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।जिला स्तरीय युवा उत्सव में कहानी लेखन, कविता लेखन, भाषण, पेंटिंग, विज्ञान प्रदर्शनी, सामूहिक लोकनृत्य एवं लोकगीत जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न विकासखंडों से लगभग 400 प्रतिभागियों ने भाग लिया।



