उमरियापान थाना परिसर में पुलिसकर्मियों ने मनाई होली, रंग-गुलाल लगाकर जमकर थिरके पुलिसकर्मी

उमरियापान सतीश चौरसिया । उमरियापान थाना क्षेत्र में शांतिपूर्ण ढंग से होली पर्व संपन्न कराने के बाद थाना परिसर में पुलिसकर्मियों ने हर्षोल्लास के साथ होली का उत्सव मनाया । थाना प्रभारी महेंद्र जयसवाल सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और उत्साह के साथ त्योहार का आनंद लिया ।
होली के इस मौके पर थाना परिसर रंगों से सराबोर नजर आया । पुलिसकर्मियों ने आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश देते हुए एक-दूसरे को गुलाल लगाया और खुशियां साझा कीं । पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा और पुलिसकर्मियों के चेहरों पर त्योहार की खुशी साफ दिखाई दी ।
ड्यूटी की व्यस्तता के बीच भी कुछ समय निकालकर पुलिसकर्मियों ने आपस में गले मिलकर होली की बधाई दी । हंसी-मजाक और उमंग के माहौल में सभी ने एक-दूसरे के साथ रंगों का यह त्योहार मनाया ।
थाना प्रभारी महेंद्र जयसवाल ने कहा कि होली प्रेम, एकता और भाईचारे का प्रतीक पर्व है । ऐसे अवसर पुलिस परिवार के बीच आपसी समन्वय और सहयोग की भावना को और मजबूत करते हैं ।



