रेलवे प्रशासन के द्वारा सड़क बंद किये जाने के विरोध में तीन वार्ड के लोगो ने किया प्रदर्शन

दमोह। नगर के पलंदी चौक स्थित रेलवे ओवर ब्रिज पर 3 वार्ड के वार्ड वासियों ने जाम लगा दिया। जिससे वाहनों की आवाजाही पूर्णतः बंद हो गई। रेलवे प्रबंधन के द्वारा सड़क को बंद कर दिए जाने के विरोध में यह जाम लगा दिया गया। जहाँ जमकर प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की गई। जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम गगन बिसेन, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी, नगर पालिका सीएमओ कपिल खरे मौके पर पहुंचे औऱ वार्ड वासियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन आंदोलनकारी बात सुनने को तैयार नहीं थे और अपनी मांग पर अड़े थे कि पहले रास्ता खोला जाए या फिर नगरपालिका नया रास्ता बना कर दे। जिससे बात बिगड़ती चली गई और काफी तादाद में पुलिस बल मौके पर बुला लिया गया और फिर रेलवे प्रबंधन को जानकारी दी गई। जहाँ रेलवे के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिसमे भी जमकर हंगामा होता रहा। पप्पू कसोटिया, अजय जाटव, गंगा राम अहिरवार, सुनील आनंद, शंकर कबाड़ी सहित सैकड़ों की तादाद में लोगों के द्वारा धरना किया गया। वहीं पूर्व पार्षद के द्वारा रास्ता ना खोले जाने पर खुद के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने की धमकी दी गई। इसके बाद रेलवे प्रशासन के उच्च अधिकारियों से बात करने के साथ बंद हुए मार्ग को खोलने पर सहमति दी गई। जिसके बाद जाम को हटाया गया एवं वाहनों की आवाजाही एक बार पुनः प्रारंभ हुई। वार्ड वासियों के द्वारा चेतावनी दी गई है कि अगर इस रास्ते को दोबारा बंद किया गया और इसके दोनों और रास्ता नहीं बनाएंगे तो एक बार पुनः जाम लगाकर बैठेंगे।



