शॉर्ट सर्किट से लगी आग,झूलते बिजली की तारों से हुआ हादसा

समनापुर जनपद के साल्हेंघोरी ग्राम पंचायत का मामला।
डिंडोरी । जिले के समनापुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत साल्हेंघोरी के स्कूल टोला में झूलते हुए बिजली की तारों की वजह से शॉर्ट सर्किट हो गया और ट्रैक्टर ट्राली में रखा एक किसान का पैरा जलकर राख हो गया। ड्राइवर व ग्रामीणों की सूझबूझ से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। बताया गया कि बुधवार दोपहर किसान रज्जू यादव ट्रैक्टर ट्राली से धान का पैरा अपनी खेत से व्यवस्थित स्थान तक ले जा रहा था, तभी गांव के स्कूल टोला के पास झूलते हुए विद्युत के तारों की वजह से शॉर्ट सर्किट हो गई और अचानक आग लग गया,देखते देखते आग पूरी तरह ट्रैक्टर ट्राली पर फैल गया और धू-धू कर पैरा जल गया, ट्रैक्टर चालक व स्थानीय ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गौरतलब है कि स्कूल टोला के पास पिछले कई वर्षों से बिजली के तार झूल रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे भी हो रहे हैं,बावजूद व्यवस्थित करने विभाग के जिम्मेदारों द्वारा कोई पहल नहीं की जा रही।



