तेंदुआ का ख़ौफ़ बरकरार! पिजड़े के अंदर बकरा बाँधकर पकड़ने का जतन

ढीमरखेड़ा जबलपुर दर्पण । कटनी जिले की बरही क्षेत्र में तेंदुआ की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। अलसुबह एक बछड़े का शिकार करने का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। तेंदुआ अब बरही के आसपास के गांवों – तैबल नगर, हीरापुर और रघुरा नाला क्षेत्र में देखे जाने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
वन विभाग के अनुसार तेंदुआ लगातार मवेशियों पर हमला कर रहा है, जिससे ग्रामीण रात-दिन भयभीत हैं। इसकी मौजूदगी के चलते लोगों ने खेतों और घरों में सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक़, वन विभाग की टीम ने तेंदुआ को पकड़ने की योजना बनाई है। इसके लिए पिंजरे में बकरा बांधकर रखा गया है। जैसे ही तेंदुआ शिकार के लालच में पिंजरे में प्रवेश करेगा, उसे सुरक्षित रूप से कैद कर लिया जाएगा।
वन विभाग बरही के रेंजर गोविंद नारायण शुक्ला ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और रात के समय घर से बाहर मवेशी न छोड़ें। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह से लगातार तेंदुआ क्षेत्र में आतंक मचा रहा है और अब तक कई गाय-बछड़ों को शिकार बना चुका है।
ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए गांव-गांव में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। अब देखना यह होगा कि तेंदुआ कब वन विभाग के पिंजरे में कैद होता है और ग्रामीणों को राहत मिलती है।



