मरसरहा सोन नदी में मिला युवक का शव

सीधी जबलपुर दर्पण । जिले के बहरी थाना अंतर्गत ग्राम मरसरहा से लगी सोन नदी के तट पर आज एक युवक का शव मिला। शव मिलने की सूचना आग की तरह समूचे क्षेत्र में फैलते ही लोगों का हुजूम जमा हो गया। मृतक की पहचान ग्राम रामडीह निवासी रामविलाश कोल उम्र 30 वर्ष के रूप में की गई है। मृतक की पत्नी अनीता कोल एवं अन्य परिजनों ने बताया कि रामविलाश कोल 3 अक्टूबर को सुबह करीब 9 बजे घर से निकला था। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। दो दिनों से परिजन तलाश कर रहे थे। आज सुबह जानकारी मिली कि मरसरहा सोन नदी के तट पर एक युवक का शव पड़ा है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उनके द्वारा लापता रामविलाश कोल के रूप में शिनाख्त की गई। सूचना मिलने पर डायल 112 मौके पर पहुंची और इसके बाद बहरी थाना पुलिस द्वारा मर्ग विवेचना शुरू की गई। रामविलाश कोल की मौत कैसे हुई इसकी जांच में भी पुलिस जुटी हुई है। वहीं परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताई जा रही है।



