सड़कों पर अतिक्रमण की भरमार

गोटेगांव जबलपुर दर्पण । नगर में मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण की भरमार बनी हुई है जहां देखा जाए तो नगरपालिका के माध्यम से पेट्रोल पंप से फुहारा चौक और कॉलेज तक मॉडल रोड का निर्माण करवाया गया है। जहां पर बीच में डिवाइडर का निर्माण करके एकांगी मार्ग बनाया है। ताकि नगर में सुंदरता बनी रहे। वहीं वाहनों की आवाजाही से राहगीरों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हो सके। इस मॉडल रोड के दोनों ओर पैदल चलने वालों के लिए नाली निर्माण के ऊपर पट्टी का निर्माण किया है। मगर कई जगह निर्मित पट्टी पर अतिक्रमण हो गया है। वहीं तहसील कार्यालय के सामने वाली पट्टी पर पूरी तरह से अतिक्रमण करके ठेले रख दिए गए हैं।यहां लगीं दुकानों पर आने वाले ग्राहकों के वाहन सड़क पर खडे़ रहते हैं। जिसके कारण दिन के समय उक्त स्थल पर मॉडल रोड बहुत संकरी हो जाती है। इसी के साथ एक बैंक के सामने कोई जगह नहीं होने पर आने वाले ग्राहकों के वाहन मॉडल रोड पर ही खडे़ हो जाते है। जिसके कारण उक्त हिस्सा से आने जाने वाले वाहन वालों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। फुहारा चौक से लेकर कॉलेज की ओर जाने वाली सड़क के किनारे भी एक साइड दुकानों के ठेला रख जाने से पूरी तरह से मार्ग संकरा हो गया है। जिसके कारण मॉडल रोड की सुंदरता अतिक्रमण के कारण खत्म हो गई है। फुहारा चौक पर रोड पर ही वाहन दिन के समय खडे़ रहते हैं। जिसके कारण यहां से निकलने वाले चार पहिया वाहन वालों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है।मनमर्जी से लगाई जा रहीं दुकानें- नगर में छोटे मालवाहकों की संख्या इतनी अधिक बढ़ गई है कि उनको खडे़ करने के लिए कोई जगह नहीं है। यह वाहन मॉडल रोड पर दिनभर खडे़ रहते हैं। जिनके कारण उक्त रोड बहुत संकरी हो जाती है। वहीं रात के समय मॉडल रोड उक्त हिस्से में अधिक चौड़ी नजर आती है। नगरपालिका की सीमा में कहीं पर भी ऑटो से लेकर छोटे मालवाहकों को खडे़ करने के लिए स्थल का निर्धारण नहीं किया गया है। जिसके कारण रोड दिन के समय संकरे हो जाते हैं और आने जाने वालों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। पुलिस प्रशासन भी ऐसे वाहनों को हटवाने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाता है और ना ही मॉडल रोड पर मौजूद अतिक्रमण को हटाने की दिशा में कोई सत कदम नगरपालिका उठाती है। जबकि फुहारा चौक के आस पास अधिकांश सरकारी कार्यालय मौजूद है। नगरपालिका की अनदेखी के कारण जिसकी जहां पर इच्छा होती है। वह ठेला रख कर अतिक्रमण करता रहता है। जिसके कारण कॉलेज तक अतिक्रमण करने वालों की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है।



