अंतवेद में मगरमच्छ का आतंक खत्म, 5 दिन बाद वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू

सतीश चौरसिया उमरियापान । ढीमरखेड़ा तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम अंतवेद में पिछले पांच दिनों से बना दहशत का माहौल आखिरकार समाप्त हो गया । गांव के तालाब में डेरा जमाए बैठे मगरमच्छ को वन विभाग और वन विकास निगम ( कुंडम परियोजना ) की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
जानकारी के अनुसार, मगरमच्छ को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थी । तालाब में बिछाए गए जाल में जब मगरमच्छ का बच्चा फंसा, तब टीम को सफलता मिली। टीम ने पूरी सावधानी बरतते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाला ।
रेंज अधिकारी मनीष अपोर ने बताया कि पकड़ा गया मगरमच्छ अभी काफी छोटा है । रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और मगरमच्छ पूरी तरह सुरक्षित है । प्रोटोकॉल के तहत पहले उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा, इसके बाद उसे जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट के पास स्थित खंदारी जलाशय में छोड़ा जाएगा ।
तालाब में मगरमच्छ की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया था । तालाब के पानी का उपयोग बंद हो चुका था और मवेशियों व बच्चों के लिए हर समय खतरा बना हुआ था । मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की ।



