पटवारी के विवादित बयान के खिलाफ भाजपा का जोरदार विरोध

सिवनी जबलपुर दर्पण। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के महिलाओं को लेकर दिए गए विवादित बयान के खिलाफ बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय कचहरी चौक पर भाजपा नगर मंडल दक्षिण और उत्तर के संयुक्त तत्वावधान में पटवारी का पुतला दहन किया गया।यह कार्यक्रम भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन के निर्देश पर आयोजित हुआ, जिसमें पूर्व सांसद एवं महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती नीता पटेरिया विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने स्वयं पटवारी के पुतले को आग लगाई।श्रीमती पटेरिया ने कहा कि भाजपा सरकार की लाड़ली बहना योजना से कांग्रेस बौखला गई है। “कांग्रेस नेताओं की मानसिकता सदैव महिला विरोधी रही है। जीतू पटवारी द्वारा ‘लाड़ली बहनों को बोरे में भर देंगे’ कहना और महिलाओं पर शराब सेवन को लेकर टिप्पणी करना प्रदेश की मातृशक्ति का सीधा अपमान है,” उन्होंने कहा।उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार महिलाओं का सम्मान करती है, जबकि कांग्रेस महिला विरोधी मानसिकता से बाहर नहीं निकल पा रही। “भारत में महिलाएं देवी स्वरूपा मानी जाती हैं। अगर कांग्रेस अपनी सोच नहीं बदलेगी तो आक्रोशित मातृशक्ति उसे समाप्त कर देगी,” पटेरिया ने कहा।जिला भाजपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष अग्रवाल ने भी बयान को निंदनीय ठहराया और सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान का समर्थन करते हैं?



